दिल्ली में एक नवंबर को आयोजित होने वाली वोट बचाओ-देश बचाओ रैली में अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए देहरादून महानगर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को महानगर कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता को लेकर रणनीति बनाई।

बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि देहरादून महानगर कांग्रेस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए महानगर के सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करेगा।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, गोदावरी थपलियाल, पूर्व विधायक राजकुमार, लालचंद शर्मा, जिला अध्यक्ष संजय किशोर, मोहित उनियाल, संजय शर्मा, जिला प्रभारी विजय घनसोला, राजेंद्र शाह, संदीप चमोली, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, वीरेंद्र पंवार, सुनील थपलियाल, रितेश जोशी, राजेश पुंढीर और सुष्यंत वोहरा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।