हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के लिए बैरागी कैंप से कनखल तक तीन पुलों के निर्माण और घाटों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए सतीघाट से बैरागी कैंप तक 48 मीटर लंबा पैदल पुल और दक्ष द्वीप से बैरागी कैंप तक 60 मीटर स्पान का डबल लेन स्टील गर्डर पुल बनाया जा रहा है। वहीं, मायापुर स्कैप चैनल पर बैली ब्रिज का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, सेक्टर-12 स्थित नया टापू, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कुंभ शिविरों के लिए भूमि की सफाई, समतलीकरण और ड्रेसिंग के कार्यों की प्रगति देखी। साथ ही अस्थायी संपर्क मार्गों, बिजली, पेयजल और सेक्टर प्लान के अनुरूप विकसित की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने नया टापू तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने और आवागमन की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा।
पुलों और संपर्क मार्गों पर फोकस
सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए बन रहे 48 मीटर लंबे पैदल पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। दक्ष द्वीप और बैरागी कैंप के बीच निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान के स्टील गर्डर डबल लेन पुल में भी तेजी लाने को कहा। इसके अलावा दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के समीप मायापुर स्कैप चैनल पर प्रस्तावित बैली ब्रिज का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैली ब्रिज से कनखल को जोड़ने वाली सड़क पर दरिद्रभंजन मंदिर और श्मशान घाट के प्रवेश द्वार के बीच संकरे हिस्से को चौड़ा करने पर भी जोर दिया। इसके लिए संबंधित भूस्वामियों से वार्ता कर आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
घाटों पर रेलिंग और चेन लगाने के निर्देश
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप क्षेत्र में स्कैप चैनल पर निर्माणाधीन 260 मीटर लंबे घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद कनखल के विभिन्न सार्वजनिक घाटों की स्थिति देखी। उन्होंने घाटों की मरम्मत कराने के साथ स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग और चेन लगाने के निर्देश दिए। स्कैप चैनल की बंदी अवधि में घाटों की सफाई और मरम्मत के कार्य पूरे करने को कहा। घाटों के सौंदर्यीकरण और नियमित सफाई की व्यवस्था पर भी जोर दिया।
श्मशान घाट में भी बढ़ेंगी सुविधाएं
मेलाधिकारी ने दक्ष मंदिर, शीतला माता मंदिर और दरिद्रभंजन मंदिर का भ्रमण किया। कनखल श्मशान घाट में कुंभ मेला मद से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय निर्माण और अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात कर सुझाव और फीडबैक लिया।
इस दौरान उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

