चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में चाईं गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में जनहानि हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को एसडीएम जोशीमठ की ओर से दोपहर 2:21 बजे पुलिस को सूचना दी गई कि चाईं गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है। इसके बाद यूकाडा कर्मचारियों ने जानकारी दी कि चाईं गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत के हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही है। यह हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम दोपहर 2:24 बजे घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। शुरुआती सूचना में हेलीकॉप्टर के क्रैश होने या क्रैश लैंडिंग की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। बाद में दुर्घटना में जनहानि की पुष्टि हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने और हादसे के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने और राहत संबंधी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।

