भाजपा सरकार की नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पौड़ी जिले की लैंसडाउन और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्रों में, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में देहरादून की कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई। कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान प्रदेश सरकार पर जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विभिन्न मुद्दों पर जनता के बीच अपनी बात रखी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अनुसार, न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों से भाजपा सरकार की नीतियों का खामियाजा भुगत रही है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन, महिला उत्पीड़न और कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इनके समाधान के बजाय प्रचार में जुटी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लैंसडाउन और चौबट्टाखाल में कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण जिन सपनों और आकांक्षाओं के साथ किया गया था, वे अब भी पूरे नहीं हो पाए हैं। राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। रोजगार के अवसरों की कमी के कारण युवा पलायन करने को मजबूर हैं और गांव खाली होते जा रहे हैं।
उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती घोटालों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे बेरोजगार युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। अंकिता भंडारी हत्याकांड समेत महिलाओं के खिलाफ अपराधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गोदियाल ने कहा कि न्याय यात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और न्याय से जुड़े मुद्दों को उठाने का अभियान है।
गोदियाल ने पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित हो रही है तथा खेती-किसानी को नुकसान पहुंच रहा है। कांग्रेस इन समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला ने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी सरकार के विकास संबंधी दावों पर सवाल खड़े करती है।
देहरादून की समस्याओं को भी उठाया
वहीं, कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा के दौरान पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राजधानी देहरादून की नागरिक समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है। सड़कों की खराब स्थिति, यातायात जाम, पेयजल संकट, जलभराव और सफाई व्यवस्था जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां नहीं हो रही हैं और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के कारण युवाओं का व्यवस्था से भरोसा कमजोर हुआ है। महंगाई के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट भी प्रभावित हो रहा है। पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी कानून व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और प्रदेश के समग्र विकास जैसे मुद्दों पर जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी।

