मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का निर्माण केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ ही अपने साथियों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने शुक्रवार को ओएनजीसी के डॉ. बीआर आंबेडकर ग्राउंड में आयोजित ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकाथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देने वाला अभियान है। इस तरह के आयोजनों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ती है और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आयोजकों और विशेष रूप से देवेंद्र सिंह बिष्ट की सराहना की।
धामी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल असर डालता है। युवाओं के हाथों में किताबें होनी चाहिए और उन्हें खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाकर भविष्य संवारना चाहिए। नशे की गिरफ्त में आने से उनके सपनों के साथ परिवार की उम्मीदें भी प्रभावित होती हैं। इसलिए युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें अपनी मेहनत, आत्मविश्वास व प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों से नशामुक्ति का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचाने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जनजागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। नशे की लत से प्रभावित लोगों को सही मार्गदर्शन, परामर्श, उपचार और परिवार के भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता होती है। इस दिशा में सरकारी कार्रवाई और सामाजिक प्रयासों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, कौशल विकास, खेल, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करनी चाहिए। नशामुक्ति के संकल्प को जीवन के आचार-विचार और व्यवहार का हिस्सा बनाना होगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, डॉ. विकास लोईवाल और ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

