केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा देने के लिए सौरगढ़–सौड़भट्ट गांव मोटर मार्ग से क्यार्क होते हुए बावई अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक मिसिंग लिंक मोटर मार्ग के दूसरे चरण का काम शुरू हो गया है। बुधवार को विधायक आशा नौटियाल ने 92.41 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। सड़क बनने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
क्षेत्र में लंबे समय से इस मोटर मार्ग के दूसरे चरण के निर्माण की मांग की जा रही थी। क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग पूरी होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए विधायक आशा नौटियाल के प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांवों तक विकास सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में भी आसानी होगी।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सम्राट राणा, ग्राम प्रधान शालनी देवी, सहायक अभियंता अनुराग त्रिपाठी, सूरज पाल गुसाईं, त्रिलोचन भट्ट, अमित प्रदाली, मानेंद्र कुमार, दीपक नेगी, भागचंद लाल, सत्येंद्र बरतवाल, भागचंद नेगी, दुर्गा सिंह रावत, देवेंद्र बास्कंडी, सचेंद्र रावत और लक्ष्मण वर्तवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

