कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने स्वस्थ होने के बाद दुर्गाष्टमी के अवसर पर रविवार को टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि मां भगवती और महादेव के आशीर्वाद तथा सभी लोगों के स्नेह और दुआओं से वह फिर से जनता की सेवा और अपने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन के लिए आगे बढ़ रही हैं।
मंत्री रेखा आर्या ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में महादेव और मां भगवती की विधि-विधान से पूजा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह नया सफर सभी के अटूट विश्वास और स्नेह के बिना अधूरा था।
रेखा आर्या ने कठिन समय में मिले सहयोग और आशीर्वाद के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश सरकार, जनप्रतिनिधियों और पक्ष-विपक्ष के सभी साथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में सभी का साथ और विश्वास उन्हें नई ऊर्जा और संबल प्रदान करता है।
मंत्री ने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वह सोमेश्वर क्षेत्र सहित पूरे उत्तराखंड के विकास और जनसेवा के लिए हर पल समर्पित रहेंगी।

