बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियां फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान को और मजबूती मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों व युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन समेत अन्य स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

