केदारनाथ हाईवे पर पीडब्ल्यूडी तिराहे के समीप शनिवार को एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत 16 लोग सवार थे, जिनमें आठ महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। दुर्घटना में घायल लोगों को पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 17 अक्टूबर को दोपहर 2:33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद रुद्रप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से डीडीआरएफ टीम और 108 एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर भेजा गया।
मौके पर पुलिस, डीडीआरएफ, कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और 108 एंबुलेंस की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य किया। घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। हादसे के कारणों के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

