मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित उत्तरकाशी के पांच परिवारों को सुरक्षित स्थान पर किराये के भवन में रखने के लिए 1.20 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने देहरादून में संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार और पिथौरागढ़ में पुलिया निर्माण के लिए भी धनराशि मंजूर की है।
नगर पंचायत नौगांव के वार्ड नंबर सात सौली में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवन में रखा जाएगा। प्रत्येक परिवार को छह माह तक प्रतिमाह चार हजार रुपये की दर से किराया भुगतान किया जाएगा। इसके लिए कुल 1.20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्यों के लिए 49.95 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है।
वहीं, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके तहत पहली किश्त के रूप में 34.88 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

