ओएनजीसी की ओर से सोमवार को देहरादून के केडीएमआईपीई परिसर में इंडिया एनर्जी वीक-2027 के कर्टेन रेजर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बदलते वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य के बीच ऊर्जा सुरक्षा, नई तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत करने पर जोर दिया गया। कोलकाता में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव वेबकास्ट भी देहरादून में दिखाया गया।

इंडिया एनर्जी वीक-2027 का मुख्य आयोजन 28 से 31 जनवरी 2027 तक कोलकाता के न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तेजी से हो रहे तकनीकी बदलावों के दौर में ऊर्जा क्षेत्र को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और युवा पेशेवरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों के साथ स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा और नई तकनीकों के विकास पर भी समान रूप से ध्यान देने की जरूरत बताई गई।

ऊर्जा सुरक्षा केवल आपूर्ति का सवाल नहीं : पुरी

कोलकाता के मुख्य कर्टेन रेजर कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा का अर्थ केवल तेल और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना नहीं है। वैश्विक संकट, युद्ध, आपूर्ति मार्गों में व्यवधान और कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच अर्थव्यवस्था को गतिशील बनाए रखना भी इसका हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संकट और हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े व्यवधानों के बावजूद भारत ने कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति संबंधी चुनौतियों का सामना किया। पिछले एक दशक में कच्चे तेल की खरीद के स्रोत 27 से बढ़कर 41 देशों तक पहुंचे हैं। रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण क्षमता 5.33 मिलियन टन और रिफाइनिंग क्षमता 267 मिलियन टन प्रतिवर्ष हो गई है।

पुरी ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में लचीलापन संकट के बाद नहीं, बल्कि पहले से की गई तैयारी और स्रोतों के विविधीकरण से तैयार होता है।

75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवरों के जुटने की उम्मीद

इंडिया एनर्जी वीक-2027 में 75 हजार से अधिक ऊर्जा पेशेवरों और 700 से ज्यादा प्रदर्शकों के भाग लेने की उम्मीद है। सम्मेलन में हाइड्रोजन, जैव ईंधन, नवीकरणीय ऊर्जा, एलएनजी, डिजिटलाइजेशन, एआई, नेट-जीरो, ऊर्जा संक्रमण और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

देहरादून के कार्यक्रम में ओएनजीसी के निदेशक मानव संसाधन मनीष पाटील, मानव संसाधन सेवाएं प्रमुख नीरज कुमार शर्मा और निगमित संचार एवं सीएसआर के उपमहाप्रबंधक एवं प्रभारी विशाल शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ग्राफिक एरा और यूपीईएस के शिक्षाविदों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न पहलों और तकनीकी गतिविधियों की वीडियो प्रस्तुति की गई।