श्री बदरीनाथ धाम सहित चमोली जिले के सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बड़ा निर्णय लिया है। धार्मिक स्थलों के आसपास उच्च आवृत्ति वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल कर धार्मिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कार्यक्रमों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अब बदरीनाथ धाम समेत जिले के अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के आसपास ऐसे कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जा सकेंगे, जिनमें तेज या उच्च आवृत्ति वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल होता है और इससे धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित होती है।

प्रशासन की ओर से यह कदम धार्मिक स्थलों के शांत एवं गरिमापूर्ण वातावरण को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। विशेष रूप से बदरीनाथ धाम में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल की मर्यादा और वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के आसपास होने वाले कार्यक्रमों में निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।