केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्यों के तहत सेंट्रल स्ट्रीट के छह भवनों का निर्माण यात्रा सीजन के बाद प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में बदरीनाथ-केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इसके निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ आवश्यक एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में देरी न हो। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली और जिलाधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी तरह के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए तत्काल शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
15 दिन में शुरू होगा बदरीनाथ अस्पताल
बैठक में बदरीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को करीब 15 दिन में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
