अंकिता भंडारी हत्याकांड की बरसी पर कांग्रेस ने शुक्रवार को गंगा भोगपुर में श्रद्धांजलि सभा के साथ विशाल धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने, सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने और कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई सामने लाने की मांग उठाई।

गंगा भोगपुर स्थित बनंत्रा रिजॉर्ट के पास आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘अंकिता को न्याय दो-वीआईपी का सच सामने लाओ’ के नारे लगाए गए।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का प्रतीक बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हत्याकांड के इतने समय बाद भी सीबीआई जांच की प्रगति को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। सरकार को बताना चाहिए कि जांच कहां तक पहुंची है और कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई कब सामने आएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिजनों को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था में जनता के विश्वास का सवाल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में सरकार पर दबाव बनाए रखेगी।

पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने सरकार पर महिला अपराधों को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी का नाम अब तक सामने नहीं आया है।

धरने में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवाण, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।