आगामी विधानसभा चुनाव, कुंभ मेले और चारधाम यात्रा को देखते हुए उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने और संवेदनशील मामलों में भ्रामक खबरों, डीपफेक व अफवाहों का तत्काल फैक्ट-चेक जारी करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने आतंकवाद नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित देश की पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टर बनाने संबंधी इनपुट और उसके साथियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों को देखते हुए सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता के मद्देनजर मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही चीन और नेपाल सीमा से लगे जिलों में संदिग्ध गतिविधियों, घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, आईबी, सेना, राज्य पुलिस और एटीएस के शीर्ष अधिकारियों की उच्चस्तरीय इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक कराने को कहा।

डीजीपी ने बढ़ती पर्यटक और श्रद्धालु संख्या को देखते हुए चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। आगामी कुंभ मेले और अन्य प्रमुख धार्मिक आयोजनों के लिए ठोस सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने वीवीआईपी कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों पर भड़काऊ सामग्री की निगरानी कर ऐसे तत्वों को समय रहते चिह्नित करने और कार्रवाई के निर्देश दिए।