केदारनाथ धाम यात्रा के पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग प्रभावित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड से केदारनाथ जाने वाले पैदल यात्रियों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और डीडीएमए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बड़े पत्थरों और मलबे को हटाने का काम तेजी से किया गया। सुरक्षा मानकों के अनुरूप स्थिति का जायजा लेने के बाद पैदल यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से शुरू कर दी गई। सुरक्षा बलों और प्रशासन की निगरानी में यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।
हालांकि, मार्ग पर कुछ बड़े पत्थर मौजूद होने के कारण घोड़े-खच्चरों और डंडी-कंडी की आवाजाही फिलहाल रोकी गई है। मलबा और बड़े पत्थर पूरी तरह हटाए जाने तथा मार्ग सुरक्षित होने के बाद इनकी आवाजाही भी सामान्य की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यात्रियों से प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से रुकने या आगे बढ़ने का प्रयास न करें। मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रशासन, डीडीएमए, डीडीआरएफ, पुलिस समेत संबंधित विभागों के बीच समन्वय बना हुआ है।
