ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के दौरान तेज बहाव और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए बीआरओ की 123 यूनिट में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
10 अगस्त को क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि के कारण तमक नाले में अचानक तेज बहाव के साथ भारी मलबा आ गया था। इसकी चपेट में आने से चालक हवलदार पंकज रुधौला लापता हो गए थे। घटना के बाद से ही उनकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था।
एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दलों ने नाले और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। लगातार 12 दिन तक चले अभियान के बाद आखिरकार पंकज रुधौला का शव बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिजन और क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
