मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। प्रदेशभर के 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने अब तक अपने निबंध और सुझाव पोर्टल पर जमा कर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा किया है। अभियान में कक्षा 11वीं और 12वीं के करीब तीन लाख विद्यार्थियों को जोड़ा गया है। निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित है।
विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, सामाजिक विकास और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार रखे हैं। सरकार का कहना है कि ये प्रविष्टियां महज निबंध नहीं, बल्कि प्रदेश की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और भविष्य के उत्तराखंड को लेकर उनकी सोच का दस्तावेज हैं।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री भी इन विद्यार्थियों से संवाद कर उनके विजन को सुनेंगे। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
सुझावों को नीतियों में शामिल करने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा। उपयोगी विचारों को प्रदेश की नीतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल करने की दिशा में काम किया जाएगा। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के सरकारी व निजी विद्यालयों से लगातार प्रविष्टियां मिल रही हैं। निबंध जमा करने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाणपत्र भी दिया जा रहा है।
