मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाते हुए देश के अग्रणी राज्यों के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि समान नागरिक संहिता, पारदर्शी भर्ती, निवेश, पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों के विकास और मजबूत बुनियादी ढांचे के जरिए राज्य समावेशी विकास मॉडल को आगे बढ़ा रहा है।

नई दिल्ली में आयोजित द इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम 2026 में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी लागू होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकार मजबूत हुए हैं। उन्होंने रोजगार के क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां तथा नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई का उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद राज्य में निवेश का बेहतर माहौल बना है और 30 से अधिक नई नीतियों से उद्योगों को प्रोत्साहन मिला है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, हवाई कनेक्टिविटी और ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं विकास को नई गति देंगी।

उन्होंने चारधाम, कांवड़, आदि कैलाश और विंटर टूरिज्म को राज्य की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए जनवरी 2027 के हरिद्वार कुंभ में देशवासियों को शामिल होने का निमंत्रण दिया।