Uttarakhand: खेत में पानी छोड़ने को लेकर खूनी संघर्ष, एक की मौत; चार आरोपी गिरफ्तार

सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के दर्जनों लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन भाइयों के साथ मारपीट की, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

उपचार के दौरान एक घायल ने तोड़ा दम

घटना में घायल अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार को ग्रामीणों की मदद से उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।

पहले से चल रहा था दोनों पक्षों के बीच विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। पिछले दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी, जिसके बाद मामला हिंसक रूप ले बैठा।

12 नामजद और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गईं विशेष टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बैरागीवाला गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

शांति बनाए रखने की अपील, सख्त कार्रवाई का भरोसा

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *