Uttarakhand:  उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरा गणना फॉर्म

उत्तराखंड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हो गई है। अभियान के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह को नैनीताल स्थित लोक भवन में तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देहरादून में गणना फॉर्म सौंपा गया। इसके साथ ही प्रदेशभर में मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने का अभियान शुरू हो गया है।

निर्वाचन अधिकारियों ने भी भरे गणना फॉर्म

अभियान के प्रथम दिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने भी गणना फॉर्म भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सौंपे। अधिकारियों ने इसे मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मतदाताओं से नवीनतम फोटो उपलब्ध कराने की अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से गणना प्रपत्र के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी।

घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, दस्तावेज देने की नहीं होगी आवश्यकता

उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और उन्हें एकत्रित करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को गणना प्रपत्र के साथ किसी प्रकार का दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। अभियान का उद्देश्य मतदाता विवरणों का सत्यापन और अद्यतन करना है।

टोल फ्री नंबरों पर मिलेगी सहायता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए मतदाता सभी जनपदों में टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर 1800 3300 1950 नंबर पर भी कॉल कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर फोकस

निर्वाचन विभाग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, सटीक और अद्यतन बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में बूथ स्तर पर व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।

#UttarakhandElection #SIR2026 #VoterListRevision #ChiefElectoralOfficer #PushkarSinghDhami #GovernorUttarakhand #BLO #ElectionCommissionOfIndia #VoterVerification #Democracy #UttarakhandNews #ElectionUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *