Uttarakhand: उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति सामान्य, पैनिक बाइंग से बचने की अपील

तेल विपणन कंपनियां ने स्पष्ट किया है कि उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित सभी आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है।

कंपनियों के अनुसार राज्य में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह स्थिर और पर्याप्त है। टर्मिनलों एवं डिपो से लेकर रिटेल आउटलेट्स तक पूरी ईंधन आपूर्ति श्रृंखला सुचारु रूप से संचालित हो रही है और कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। राज्य के सभी क्षेत्रों में ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

तेल कंपनियों ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और राज्य में रसोई गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। सभी उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 आईओसीएल उत्तराखण्ड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद या संग्रहण यानी पैनिक बाइंग से बचें। उन्होंने कहा कि ईंधन उपलब्धता से संबंधित सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही विश्वास करें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध हैं और आम जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *