विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम में जारी चारधाम यात्रा के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मंगलवार को चमोली पुलिस, एटीएस और 7 असम एटीएस द्वारा संयुक्त सुरक्षा अभियान चलाया गया।
सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित रिस्पॉन्स और किसी भी संभावित खतरे से निपटने की तैयारियों को लेकर पूरे धाम क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
मंदिर परिसर से लेकर होटल और पार्किंग तक जांच
संयुक्त टीमों ने मंदिर परिसर के इनर और आउटर कार्डन क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर, होटल, पार्किंग स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और वाहनों की गहन चेकिंग की गई।
धाम के मुख्य प्रवेश बिंदु देवदर्शिनी बैरियर पर प्रत्येक वाहन और संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगरानी रखी गई।
माणा गांव तक सुरक्षा बलों की गश्त
सीमांत क्षेत्र माणा गांव के अंतिम छोर तक सुरक्षा बलों द्वारा गश्त और निरीक्षण किया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी गई।
यात्रियों और व्यापारियों से की अपील
संयुक्त टीमों ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी। साथ ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क
चमोली पुलिस ने कहा कि पवित्र श्री बद्रीनाथ धाम की सुरक्षा, शांति और श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियां पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रही हैं।
