उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) तथा आरक्षी पीएसी/आईआरबी (पुरुष) के पदों पर भर्ती का चयन परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 65/उ.आ.से.च.आ./2024 दिनांक 30 अक्टूबर 2024 के माध्यम से कुल 2000 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अब आयोग की विज्ञप्ति/चयन परिणाम संख्या 284/परीक्षा/2025-26 दिनांक 27 फरवरी 2026 के अनुसार उक्त पदों के सापेक्ष चयन परिणाम जारी कर दिया गया है।
2 मार्च से शुरू होगा चिकित्सा परीक्षण
विज्ञप्ति एवं संबंधित सेवा नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप, चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सा/स्वास्थ्य परीक्षण 02 मार्च से प्रारंभ होगा।
मेडिकल परीक्षण उन संबंधित जनपदों में कराया जाएगा, जहां अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया था। यह प्रक्रिया संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपदीय चिकित्सा बोर्ड द्वारा संपादित की जाएगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम
अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने की अपील की है।
भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के रूप में चिकित्सा परीक्षण पूर्ण होने के बाद नियुक्ति की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
