श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र के आर्यनगर में आयोजित ‘मुख्य सेवक जन चौपाल’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी को समाप्त करना है।
पांच लाख से अधिक लोग हुए लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत प्रदेशभर में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक पांच लाख से अधिक लोग इन शिविरों से लाभान्वित हो चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया है।
चारधाम यात्रा की तैयारियों पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
2027 कुंभ की तैयारियां तेज
वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला को लेकर भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है और व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उत्तराखंड को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विकासशील राज्य के रूप में आगे बढ़ाना है।
