महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, महंगाई और जंगली जानवरों के हमलों के विरोध में कांग्रेस ने लोकभवन घेराव किया। कार्यक्रम की सफलता पर उत्तराखंड कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया है।
गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य तथा प्रीतम सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि हजारों की संख्या में देहरादून के परेड ग्राउंड में एकजुट हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह यह साबित करता है कि प्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश है।
नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता से संगठन को मजबूती मिलेगी और कांग्रेस पार्टी भविष्य में भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी और अलोकतांत्रिक नीतियों का और मजबूती से विरोध करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक राजभवन घेराव कर भाजपा की धामी सरकार के खिलाफ जनआवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से सरकार की नीतियों के प्रति जनता का असंतोष उजागर हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह आंदोलन आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए मजबूती का आधार बनेगा।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि जनता प्रदेश में बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।
