Uttarakhand: उत्तराखंड में पर्यटन ने बनाया नया रिकॉर्ड, 2025 में छह करोड़ से अधिक सैलानी पहुंचे

उत्तराखंड ने पर्यटन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए राज्य गठन के बाद वर्ष 2025 में सर्वाधिक पर्यटक आगमन दर्ज किया है। इस वर्ष छह करोड़ तीन लाख से अधिक पर्यटक और तीर्थयात्री प्रदेश पहुंचे हैं।

पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 6 करोड़ 03 लाख 21 हजार 194 पर्यटक/तीर्थयात्री उत्तराखंड आए, जिनमें 1 लाख 92 हजार 533 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। यह पहली बार है जब प्रदेश में पर्यटकों की संख्या छह करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है।

आंकड़ों के मुताबिक हरिद्वार जिला पर्यटकों की पहली पसंद बना रहा, जहां 3 करोड़ 42 लाख 49 हजार 380 पर्यटक एवं तीर्थयात्री पहुंचे। वहीं देहरादून में 67 लाख 35 हजार 71 और टिहरी जनपद में 53 लाख 29 हजार 759 सैलानियों ने दस्तक दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन विकास को नई गति मिली है। सरकार द्वारा एक ओर जहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं शुरू की गई हैं, वहीं प्रमुख पर्यटन एवं तीर्थ स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही पर्यटकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक सुरक्षा प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में 2 करोड़ 18 हजार, 2022 में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 338, 2023 में 5 करोड़ 96 लाख 36 हजार 601 और 2024 में 5 करोड़ 95 लाख 50 हजार 277 पर्यटक/तीर्थयात्री उत्तराखंड पहुंचे थे। वर्ष 2025 के आंकड़े इन सभी वर्षों से कहीं अधिक हैं।

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में सुधार, सुरक्षा इंतजाम और प्रचार-प्रसार के चलते उत्तराखंड देश-विदेश के सैलानियों की पसंद बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *