मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेशवासियों के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्री भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान देने की घोषणा समस्त उत्तराखण्डवासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सम्मान उनके संपूर्ण सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और समाजहित के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का यथोचित सम्मान है।
सादगी और सिद्धांतों से भरा रहा सार्वजनिक जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन सादगी, सिद्धांतनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। अपने लंबे राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सदैव जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उत्तराखण्ड सहित पूरे देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तराखण्ड के विकास में अहम योगदान
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्री कोश्यारी का जीवन संघर्ष, मूल्यों की राजनीति और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण है। पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण व संवर्धन के लिए किए गए उनके प्रयास आज भी प्रेरणा स्रोत हैं।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कोश्यारी ने अपने विचारों और कार्यों से न केवल उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे देश को दिशा देने का कार्य किया है। उनका अनुभव, दूरदृष्टि और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बनी रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से श्री भगत सिंह कोश्यारी को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
