Uttarakhand: गणेश गोदियाल ने संभाला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में किया कार्यभार ग्रहण

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आज औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। निवर्तमान अध्यक्ष करण माहरा ने विधिवत रूप से गोदियाल को कार्यभार सौंपा।

पदभार ग्रहण करने से पूर्व गणेश गोदियाल दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर चुके हैं, जहां संगठनात्मक ढांचे और उत्तराखण्ड से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

हाल ही में कांग्रेस हाईकमान ने गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने जारी आदेश के साथ ही नई संगठनात्मक टीम के गठन की प्रक्रिया भी पूरी की गई है।

नई नियुक्तियों में:

  • प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष
  • डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष
  • निवर्तमान अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य का दायित्व दिया गया है।

गणेश गोदियाल दूसरी बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वे 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं। पार्टी नेता उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में नया उत्साह आने की उम्मीद जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *