Uttarakhand:  कुंभ मेला 2027 के लिए केंद्र से 500 करोड़ की स्वीकृति, मुख्यमंत्री धामी ने जताया आभार

हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार ने 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ लेकर धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन की दिशा में कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि इस राशि से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।

केंद्र का निरंतर सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखण्ड के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *