Uttarakhand: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं 21 मार्च से शुरू, दो लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल

उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के अनुसार हाईस्कूल में 1,12,266 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 1,722 व्यक्तिगत और 1,10,544 संस्थागत परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 1,02,986 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 3,637 व्यक्तिगत और 99,349 संस्थागत अभ्यर्थी हैं।

1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए

बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 केंद्रों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है और परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *