उत्तराखंड में पहली बार सिम बॉक्स के जरिए संचालित अवैध टेलीकॉम गेटवे का एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। साइबर कुमाऊं यूनिट की कार्रवाई में 114 अवैध सिम कार्ड, दो सिम बॉक्स, 77 एंटीना, राउटर, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में अवैध गेटवे के बांग्लादेश के साइबर अपराधियों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। यह नेटवर्क करीब सात महीने से संचालित किया जा रहा था।
एसटीएफ के अनुसार, सिम बॉक्स के जरिए विदेशी और वीओआईपी कॉल को भारतीय लोकल मोबाइल नंबर में परिवर्तित किया जाता था। इससे कॉल करने वाले की वास्तविक पहचान और लोकेशन छिप जाती थी। इस तकनीक का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
जांच में सामने आया कि ऐसे सिम बॉक्स का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट समेत अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता है। बरामद उपकरणों और सिम कार्ड के आधार पर एसटीएफ नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने कार्रवाई को साइबर अपराध और अवैध टेलीकॉम गतिविधियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।
