Uttarakhand: उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट के बाद अलर्ट मोड में प्रशासन, अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट और रविवार को कई जिलों में आए आंधी-तूफान व बारिश के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

सोमवार-मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट

सचिव ने बताया कि मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर सभी जिलों को सतर्क रहने और समय रहते एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन जिलों में अधिक प्रभाव की आशंका

04 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में, जबकि 05 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज मौसम की संभावना जताई गई है।

इस दौरान आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

अलर्ट जनता तक पहुंचाने के निर्देश

सचिव ने निर्देश दिए कि मौसम से संबंधित सभी चेतावनियां राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के माध्यम से तुरंत आम लोगों तक पहुंचाई जाएं, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें।

बाधित सड़कें जल्द खोलने के निर्देश

बैठक में बताया गया कि कुछ जिलों में सड़कों के बाधित होने की सूचना मिली थी, जिनमें अधिकांश मार्ग खोल दिए गए हैं। शेष सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।

चारधाम यात्रा पर विशेष फोकस

चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर सेवाओं के संचालन को मौसम के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम की स्थिति में उड़ानों को स्थगित रखने की बात कही गई है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

नागरिकों से अपील

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *