Uttarakhand: 7 मार्च को हरिद्वार आएंगे केंद्रीय गृह मंत्री, तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में 7 मार्च को प्रस्तावित अमित शाह के हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना तैयार की जाए, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा का रखें ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार दौरा सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *