Uttarakhand: हल्द्वानी में चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का किया आयोजन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धामी सरकार की सराहना

उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर चार साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति एवं स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह देवभूमि आस्था, अध्यात्म और ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रही है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग सौम्य, परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

रक्षा मंत्री ने धामी सरकार की कार्यशैली को ‘जीरो टॉलरेंस’ आधारित बताते हुए कहा कि सरकार तेज गति से काम कर रही है। मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और यह यात्रा संघर्ष, बलिदान और विकास की कहानी रही है। राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली क्षमता विस्तार, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो विकास की रफ्तार को दर्शाती है।

उन्होंने धामी सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों—यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास—को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनकर सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ा है।

अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना आवश्यक है। राज्य सरकार द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं केंद्र और राज्य मिलकर सीमांत क्षेत्रों के विकास और पलायन रोकने के लिए ठोस प्रयास कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से बड़े निवेश समझौते हुए हैं, जबकि स्टार्टअप और उद्योगों की संख्या में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई से राज्य में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे, होटल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जबकि सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों से रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, राम सिंह कैडा, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक, गणेश जोशी, खजान दास, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की झलक भी प्रस्तुत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *