Uttarakhand: देहरादून की घटना पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, दो अधिकारी निलंबित, व्यापक चेकिंग के निर्देश

हाल ही में देहरादून में हुई कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोबन सिंह, उप आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी, जनपद देहरादून तथा कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाने और अवांछित व हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को पूरी मुस्तैदी और सख्ती के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उधर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर बैठक की। उन्होंने शहर में बढ़ रही रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने एसएसपी देहरादून को सभी थाना प्रभारियों को पीक ऑवर में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित समय का सख्ती से पालन कराने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि सप्ताहांत में देहरादून को पार्टी और हुड़दंग का अड्डा न बनने दिया जाए और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बार संचालन के नियमों का उल्लंघन करने वाले बार और अवैध बार संचालकों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया है।

इसके अलावा शहर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित होम स्टे की मैपिंग कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इनके दुरुपयोग को रोका जा सके। साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *