मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म गोदान को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और भारतीय संस्कृति, परंपराओं व सामाजिक मूल्यों से जुड़ा सशक्त संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज में सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करती हैं, इसलिए इन्हें प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों एवं रचनात्मक प्रयासों को भविष्य में भी प्रोत्साहित करती रहेगी। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और दर्शकों में उत्साह देखा जा रहा है।
