Uttarakhand: वोट चोर–गद्दी छोड़ महारैली की सफलता पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया आभार

नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की ओर से विशाल वोट चोर–गद्दी छोड़ महारैली आयोजित की गई। रैली की अपार सफलता के लिए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के कोने-कोने से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचकर महारैली में शामिल होना संगठन की मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि रैली में कार्यकर्ताओं में जो उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं, विशेषकर चुनाव आयोग के कथित दुरुपयोग के खिलाफ राहुल गांधी की निडर और समझौताहीन लड़ाई में पूरी मजबूती से उनके साथ खड़े हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की कथित हिटलरशाही नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ पार्टी और राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिक हितों के लिए उपयोग कर रही है, जिससे न केवल विपक्ष बल्कि आम जनता भी त्रस्त है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि मौजूदा हालात में देश की जनता मोदी शासन से छुटकारा चाहती है और इसके लिए सभी विपक्षी दलों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसदों, विधायकों, एआईसीसी व पीसीसी सदस्यों, जिला, महानगर, ब्लॉक व नगर अध्यक्षों, अनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वोट चोर–गद्दी छोड़’ महारैली की सफलता में सभी का योगदान सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *