Uttarakhand: शिक्षा निदेशक से मारपीट मामला गरमाया, प्रदेशभर में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार घोषित

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस प्रकरण में पुलिस ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

वहीं विधायक के गनर की ओर से भी अज्ञात लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए अलग से मुकदमा दर्ज कराया गया है। घटना के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार

घटना के विरोध में प्रदेशभर के विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर सोमवार को कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। साथ ही आगे की रणनीति तय करने के लिए एक कोर कमेटी का गठन भी किया गया है, जो आगामी कदमों पर निर्णय लेगी।

हालांकि कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं को इस कार्य बहिष्कार से बाहर रखा गया है, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

गिरफ्तारी न होने पर कड़े कदम की चेतावनी

कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार दोपहर तक शिक्षा निदेशक से मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज करते हुए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

इस घटनाक्रम से प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीतिक माहौल में हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *