प्रदेश में मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके तहत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेशों में कहा गया है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में संबंधित जिलों के प्रशासन को संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने और आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया जाए।
इसके अलावा, सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने, संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
