Uttarakhand: हरिद्वार में 21 किमी मेट्रो पॉड टैक्सी परियोजना का सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण

हरिद्वार में प्रस्तावित 21 किलोमीटर लंबी मेट्रो पॉड टैक्सी परियोजना को लेकर सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रमुख धार्मिक एवं यातायात बिंदुओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सचिव ने विशेष रूप से हर की पैड़ी सहित सभी मुख्य प्वाइंटों का भौतिक निरीक्षण कर परियोजना की व्यवहारिकता और यातायात प्रबंधन की संभावनाओं की समीक्षा की।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक बृजेश कुमार मिश्रा ने प्रस्तावित योजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि मेट्रो पॉड टैक्सी परियोजना से शहर में यातायात दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को सुगम एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना आधुनिक तकनीक पर आधारित होगी, जिससे हरिद्वार जैसे धार्मिक और पर्यटन नगर में पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित की जा सके।

सचिव ने निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन से पूर्व सभी तकनीकी, पर्यावरणीय एवं यातायात संबंधी पहलुओं का गहन अध्ययन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

माना जा रहा है कि यह परियोजना धरातल पर उतरने के बाद हरिद्वार की यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *