कांग्रेस ने भाजपा पर बोला तीखा हमला बोलते हुए केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को अनुसूचित जाति विभाग आयोजित संविधान बचाओ-लोकतंत्र बचाओ सम्मेलन का आयोजन किया गया।सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रभारी (प्रशासन) और सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने किया। अनुसूचित विभाग प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने मुख्य अतिथियों एवं वरिष्ठ नेताओं का स्मृति चिह्न और संविधान की प्रति भेंट कर सम्मान किया।
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल का तीखा हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आज संविधान बचाने की जरूरत इसलिए महसूस हो रही है क्योंकि सत्ता में बैठे लोग हर संवैधानिक संस्था को कमजोर करने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के दौरान ‘400 पार’ का नारा लेकर आई थी, जिसका उद्देश्य संविधान में मनमानी बदलाव करना था, लेकिन जनता की समझदारी ने उनकी मंशा पर पानी फेर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर अपने राजनीतिक एजेंडे को लागू करने की कोशिश कर रही है।
गोदियाल ने दलित समाज के कांग्रेस के प्रति हमेशा से रहे समर्थन का धन्यवाद करते हुए कहा कि मानवता और समानता तभी मजबूत होगी जब कांग्रेस सशक्त होगी।
अंबेडकर के संघर्षों और योगदान को किया याद
अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संघर्षों और योगदान को विस्तार से याद किया। उन्होंने कहा कि जिसे स्कूल में बैठने तक का अधिकार नहीं दिया गया, जिसने जाति के नाम पर अपमान सहा उसी ने भारत का संविधान लिखा, 32 डिग्रियाँ प्राप्त कीं और समाज को समानता का मार्ग दिखाया।”
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो शोषित वर्ग को सशक्त करती है। इसलिए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
कांग्रेस की नीतियों और आरक्षण व्यवस्था की देन: सप्पल
सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल ने कहा कि समानता की अवधारणा बुद्ध, कबीर और गुरु नानक से लेकर बाबा साहेब अंबेडकर तक सभी ने आगे बढ़ाई।
उन्होंने कहा कि आज यदि दलित, पिछड़ा और वंचित समाज शिक्षा पा रहा है, उच्च पदों पर पहुंच रहा है, तो यह कांग्रेस की नीतियों और आरक्षण व्यवस्था की देन है।
उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षा को व्यापार बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना बेहद जरूरी हो गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार मलिन बस्तियों, संविदा कर्मियों और पर्यावरण मित्रों के साथ छल कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमने मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की थी, पर भाजपा सरकार ने उसे रोक दिया। संविदा कर्मचारियों को हटाया जा रहा है और लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस की योजनाओं को जनता के बीच ले जाना होगा और दलित समाज के मुद्दों को सभी को मिलकर उठाना चाहिए।
डॉ. रावत ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप
चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा न केवल लोकतंत्र बल्कि सरकार तक को ‘चोरी’ करने की कोशिश करती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया।
मदन लाल का समापन व धन्यवाद ज्ञापन
अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने सभी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि कांग्रेस सदैव दलित और वंचित समाज के साथ खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि आज संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए कांग्रेस का सशक्त होना आवश्यक है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित
सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, विधायक विक्रम नेगी, रवि बहादुर, सांसद प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अनुसूचित विभाग से सीपी सिंह, राजेंद्र भंडारी, करण घाघट, बागेश्वर सिंह, मीना, सूरज सैलानी, सुनील आर्य, मोहन लाल बुराटा, अमित तलवार, आकाश चेरियल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
