ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास पहाड़ी से लटकते खतरनाक पत्थरों के ट्रीटमेंट कार्य होना है। इसलिए आगामी 26 जून को सुबह 5 से 8 बजे तक मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।
तोताघाटी के पास सड़क के ऊपर से दो बड़े पत्थर चिंता का कारण बने हुए है। ट्रीटमेंट के दौरान भी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विभाग ने इन्हें अब ब्लास्टिंग से तोड़ने का निर्णय लिया है। यह काम बृहस्पतिवार को किया जाएगा। विभाग के सहायक अभियंता ललित बेंजवाल ने बताया कि बारिश के दौरान इन पत्थरों के गिरने की आशंका थी। इसलिए एहतियात तौर पर विभाग यह कदम उठा रहा है। सुबह पांच से आठ बजे का समय इसके लिए चुना गया है। इस दौरान दोनों ओर का ट्रैफिक रोका जाएगा। जिससे चारधाम यात्रा सहित आम यातायात प्रभावित हो सकता है। इस जोखिम को देखते हुए विशेषज्ञों की देखरेख में पत्थरों का ट्रीटमेंट कार्य किया जाएगा।
इसी के मद्देनजर तीन घंटे के लिए हाइवे पर पूर्ण रूप से यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
जिला प्रशासन ने अपील की है कि 26 जून को सुबह यात्रा करने वाले वाहन चालक और श्रद्धालु समय का विशेष ध्यान रखें।
इस अवधि में यात्रा को पूर्व या पश्चात योजना के अनुसार ही करें। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की ओर से भी घटनास्थल पर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।