Uttarakhand: केदारनाथ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, विधायक ने व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश

आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों को लेकर ऊखीमठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक आशा नौटियाल ने अधिकारियों को यात्रा से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूरे करने के निर्देश दिए। जिससे की केदारनाथ धाम की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सके।

विधायक ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

बैठक में विधायक आशा नौटियाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधि और व्यापारियों के लिए सुझाव

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापार संगठनों और होटल व्यवसायियों से सुझाव लेते हुए कहा कि सफल यात्रा संचालन में सभी की भूमिका अहम है। उन्होंने पूर्व वर्षों की यात्रा का फीडबैक भी लिया और उसे इस वर्ष की तैयारियों में शामिल करने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मेडिकल सुविधा देने के निर्देश

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों, पैदल मार्ग, बिजली और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम मजबूत बनने पर ध्यान

उन्होंने पंजीकरण और ट्रैकिंग सिस्टम को मजबूत बनाने, यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 15 अप्रैल तक सभी मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

ईंधन और खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता करें सुनिश्चित

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यात्रा अवधि के दौरान जनपद में ईंधन और खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की खपत का अनुमान तैयार करने को कहा गया।

शटल सेवा को बेहतर बनाने के निर्देश

बैठक में केदारनाथ पैदल मार्ग पर स्थित स्वास्थ्य इकाइयों में उपकरण, मानव संसाधन और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने, घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण, पेयजल, विद्युत, शौचालय, शटल सेवा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर,  मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और केदार सभा, होटल एसोसिएशन, घोड़ा-खच्चर यूनियन व व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *