Uttarakhand: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 2 से 4 नवम्बर तक उत्तराखण्ड दौरा, इन कार्यक्रमों में लेंगी भाग

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिवसीय दौरे (2 से 4 नवंबर) पर देवभूमि उत्तराखण्ड पहुंचेगी। अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति राज्य में कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर को राष्ट्रपति हरिद्वार पहुंचेंगी, जहां वे पतंजलि विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान करेंगी।

इसके बाद 3 नवंबर को राष्ट्रपति मुर्मु देहरादून में आयोजित होने वाले एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में उत्तराखण्ड विधानसभा को संबोधित करेंगी। यह संबोधन राज्य की रजत जयंती वर्ष (25 वर्ष पूर्ण होने) के उपलक्ष्य में होगा। इसी दिन वे नैनीताल स्थित राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समारोह में भी भाग लेंगी।

4 नवंबर को राष्ट्रपति कैंची धाम जाकर नीम करोली बाबा के आश्रम में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी। इसके उपरांत वे कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के 20वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान करेंगी।

राज्य सरकार और प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा, आवागमन और कार्यक्रमों की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे।

राष्ट्रपति का यह दौरा उत्तराखण्ड की रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *