प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को परखा। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाकचौबंद रहे और किसी भी प्रकार की चूक न हो।
उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ठोस ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो और कार्यक्रम निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके बनने से दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचने का समय काफी कम होगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, चारधाम यात्रा के लिए कनेक्टिविटी बेहतर होगी और राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल एवं नगर आयुक्त नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
