विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
चारधाम और हेमकुण्ड साहिब यात्रा में सबसे अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में केदारनाथ पैदल मार्ग पर जमी भारी बर्फ को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा शुरू होने से पहले पैदल मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और आवागमन योग्य बना दिया जाएगा। इसके साथ ही रास्ते में सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा को पहले से अधिक व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
