Uttarakhand: अर्थ ऑवर पर मुख्यमंत्री धामी ने बंद की गैर-जरूरी लाइटें, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वैश्विक पर्यावरणीय पहल अर्थ ऑवर के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद कर अभियान में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्थ ऑवर केवल एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हम सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा बचत को आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास ही बड़े बदलाव की नींव रखते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य को सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखण्ड जैसे प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखा जा सके।

अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *