उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। टिहरी में एक्रो फेस्टिवल के सफल आयोजन के बाद अब बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी प्रतिभागियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जालेख से जैसे ही पैराग्लाइडरों ने उड़ान भरी, पूरा आसमान रंग-बिरंगी छतरियों से भर गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने शानदार कौशल और सटीकता का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कपकोट क्षेत्र पैराग्लाइडिंग, ट्रेकिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के लिए एक आदर्श स्थल माना जाता है। साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश सरकार इस क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।
सरकार का मानना है कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएंगी।
