Uttarakhand: प्रधानमंत्री के देहरादून दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों की मिनट-टू-मिनट रिहर्सल, चाक-चौबंद तैयारियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस, प्रशासन और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से मिनट-टू-मिनट रिहर्सल आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।

रिहर्सल के उपरांत उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस लाइन देहरादून में ड्यूटीरत राजपत्रित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यवस्थाएं समयबद्ध, समन्वित और त्रुटिरहित तरीके से सुनिश्चित की जाएं।

सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं

डीजीपी ने वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अत्यधिक सतर्क और संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का टर्नआउट उच्च स्तर का होना चाहिए और उन्हें पहले से स्पष्ट ब्रीफिंग दी जानी चाहिए।

वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर विशेष नजर

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक आयोजनों और वीवीआईपी रूट पर बनने वाली मानव श्रृंखला में शामिल प्रतिभागियों का पूर्व सत्यापन अनिवार्य किया गया है। बिना जांच के किसी को भी शामिल होने की अनुमति नहीं होगी।

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वीवीआईपी रूट का कार्यक्रम से पहले भौतिक निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी निर्माण सामग्री या अन्य अवरोध न हों।

कड़ी जांच और ड्रोन पर पूर्ण प्रतिबंध

कार्यक्रम स्थल पर आमजन के प्रवेश के लिए निर्धारित प्वाइंट्स पर हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के जरिए सघन जांच की जाएगी। बिना अनुमति किसी भी वस्तु को अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी।

सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही, भीड़ की सुरक्षित निकासी के लिए पहले से ही समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर

उच्च भवनों, जल टंकियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड द्वारा गहन जांच की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

इस दौरान अभिनव कुमार, वी. मुरुगेशन, राजीव स्वरूप, सुनील कुमार मीणा, धीरेन्द्र गुंज्याल और यशवंत चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

डीजीपी ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया जाए।


#PMModi #DehradunVisit #SecurityDrill #UttarakhandPolice #VVIPSecurity #TrafficManagement #DroneBan #IndiaNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *